गौ माता को राष्ट्र माता बनाने की मांग तेज, नीमच जिले से जुटाए जाएंगे पांच लाख हस्ताक्षर |@NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ |गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर चल रहे देशव्यापी अभियान के तहत शनिवार को प्रकाश नारायण गिरी मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान मनासा के बाद नीमच पहुंचे। यहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने गौ भक्तों और पत्रकारों से संवाद करते हुए अभियान की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।प्रकाश नारायण गिरी ने बताया कि करीब सात महीने पहले वृंदावन में संत-महापुरुषों की बैठक में इस अभियान की रूपरेखा तय की गई थी। अभियान के पहले चरण में 27 अप्रैल को देशभर की 5,410 तहसीलों में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें करीब पांच करोड़ हस्ताक्षर जुटाए गए। उन्होंने बताया कि अब दूसरे चरण में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के सहयोग से 14 करोड़ अतिरिक्त हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने कहा कि नीमच जिले से पांच लाख हस्ताक्षर एकत्र करने की प्रक्रिया जारी है। आगामी 27 जुलाई को गौ भक्त जिला मुख्यालय पर एकत्र होंगे और विजय मंत्र का जाप करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम अनुरोध पत्र सौंपकर गौ हत्या पर प्रतिबंध लगाने तथा गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग की जाएगी।

 

Top