नीमच टुडे न्यूज़ | सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम जावी में जमीन को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में एक ही परिवार के पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। पीड़ित पक्ष ने मारपीट, गला दबाने, धमकाने और ट्रैक्टर चढ़ाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।घायल महेश नायक के अनुसार परिवार की पांच आरी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि पूर्व में जमीन पर जेसीबी से खाई खोदी गई थी, जिसे बाद में पुलिस की मौजूदगी में भरवाया गया। जमीन की निशानदेही के लिए लगाए गए पत्थर भी कथित रूप से हटा दिए गए। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।परिजनों का आरोप है कि विवादित भूमि पर जबरन ट्रैक्टर चलाकर बोवनी की जा रही थी। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे गोपाल नायक के पैर पर कथित रूप से ट्रैक्टर चढ़ गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट और फ्रैक्चर हुआ। महेश नायक ने गला दबाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।