नीमच टुडे न्यूज़ । बघाना थाना क्षेत्र के ग्राम लेवड़ा स्थित तालाब में शुक्रवार को 15 वर्षीय किशोर की मौत का मामला सामने आया है। तालाब के पानी में शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही बघाना थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से किशोर के शव को पानी से बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दियामृतक की पहचान 15 वर्षीय अरशद पिता फारुख खान के रूप में हुई है। वह बघाना क्षेत्र में कब्रिस्तान के पास रहता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अरशद अपने तीन-चार दोस्तों के साथ लेवड़ा तालाब की ओर गया था। बताया जा रहा है कि किशोर तालाब में नहाने उतरे थे, इसी दौरान अरशद के साथ हादसा होने की आशंका जताई जा रही है हालांकि पुलिस अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। किशोर की मौत नहाने के दौरान डूबने से हुई या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस दोस्तों और घटनास्थल से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। शुक्रवार देर शाम मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।