नीमच टुडे न्यूज़ | जिले की रतनगढ़ पुलिस ने शनिवार को मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक परेशान परीक्षार्थी को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाया। मुरैना जिले के निवासी रौनक कुशवाहा हॉस्पिटल असिस्टेंट की परीक्षा देने के लिए ग्राम नेवड़ स्थित एसआर कॉलेज जा रहे थे। यात्रा के दौरान कोटा से सिंगोली और फिर सिंगोली से रतनगढ़ पहुंचने में देरी हो गई, जिसके कारण उनकी नीमच जाने वाली बस निकल गई।परीक्षा का समय नजदीक था और केंद्र तक पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा था। परीक्षा छूटने की आशंका से रौनक काफी तनाव में आ गए। इसी दौरान उन्हें रतनगढ़ थाना क्षेत्र की डायल 112 आपातकालीन सेवा एफआरवी-08 का सहारा मिला।सूचना मिलते ही एफआरवी पर तैनात आरक्षक मनीष पाटीदार ने छात्र की परेशानी को गंभीरता से लिया। उन्होंने थाना प्रभारी बीएल भाबर के माध्यम से नीमच कंट्रोल रूम को पूरे मामले की जानकारी देकर छात्र को परीक्षा केंद्र छोड़ने की अनुमति ली।अनुमति मिलते ही आरक्षक मनीष पाटीदार और चालक देवेंद्र सोलंकी ने बिना समय गंवाए छात्र को डायल 112 वाहन में बैठाया और पूरी तत्परता के साथ ग्राम नेवड़ स्थित एसआर कॉलेज पहुंचाया। समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद रौनक ने राहत की सांस ली और रतनगढ़ पुलिस सहित नीमच जिला पुलिस का आभार जताया।