नीमच टुडे न्यूज़ | अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन रेंज राकेश गुप्ता के मार्गदर्शन में रतलाम रेंज के रतलाम, मंदसौर और नीमच जिलों के विभिन्न पुलिस थानों में वर्षों से जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की बड़ी कार्रवाई शुरू की गई। नीमच के विक्रम सीमेंट खोर परिसर में करीब 110 टन मादक पदार्थ नष्ट किए जा रहे हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 240 करोड़ रुपये बताई गई है।कार्रवाई के लिए गठित समिति की अध्यक्षता उप पुलिस महानिरीक्षक निमिष अग्रवाल कर रहे हैं। समिति में मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद मीणा और नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास सदस्य हैं। कुल 1040 प्रकरणों में जब्त डोडाचूरा, ब्राउन शुगर, एमडी, गांजा, चरस और अफीम सहित अन्य मादक पदार्थों को नष्टीकरण प्रक्रिया में शामिल किया गया है।डीआईजी निमिष अग्रवाल ने बताया कि कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय के अभियान के तहत की जा रही है। नष्टीकरण से पहले संबंधित राजपत्रित अधिकारियों द्वारा जब्त सामग्री का सत्यापन कराया गया। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। शुक्रवार को रतलाम और नीमच जिले की कार्रवाई संपन्न हुई, जबकि मंदसौर जिले से संबंधित जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की प्रक्रिया अगले दिन की जाएगी। इस अभियान से थानों के मालखाने खाली होने के साथ जब्त सामग्री की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।