नीमच टुडे न्यूज़ | मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी मंदिर में अमावस्या के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मंगलवार तड़के मंगला आरती के साथ ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, वैसे-वैसे भक्तों की संख्या भी लगातार बढ़ती चली गई।अमावस्या के चलते सोमवार रात से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। कई भक्त सुबह सबसे पहले दर्शन करने के लिए मंदिर परिसर और आसपास रुके रहे। मंगला आरती के बाद मंदिर के पट खुलते ही दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया और पूरे परिसर में "जय सांवरा सेठ" के जयकारे गूंजने लगे।इस विशेष अवसर पर भगवान सांवरा सेठ का आकर्षक श्रृंगार किया गया और उन्हें सोने की विशेष पोशाक धारण कराई गई। भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।श्रीसांवलियाजी मंदिर में अमावस्या पर हर माह विशेष भीड़ रहती है। इस बार राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र से भी हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दर्शन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए।