नीमच टुडे न्यूज़ | जिले की सिंगोली थाना पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 450.800 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। 13 जुलाई 2026 को सिंगोली-कांस्या आम रोड स्थित तिलस्वां घाट के पहले मोड़ पर पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सिंगोली की ओर से आ रही पिकअप क्रमांक RJ 42 GA 4006 को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखकर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में पिकअप से 28 काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा 450.800 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी जसराज जाट (37) निवासी ग्राम जीरोता, थाना बोराडा, जिला अजमेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 67.62 लाख रुपए और पिकअप सहित कुल जब्ती करीब 72.64 लाख रुपए है। आरोपी से तस्करी नेटवर्क और डोडाचूरा के स्रोत को लेकर पूछताछ की जा रही है।