नीमच टुडे न्यूज़ | सिंगोली क्षेत्र के किसानों ने डीएपी खाद की समस्या को लेकर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि खाद लेने के लिए उन्हें करीब 80 किलोमीटर दूर जावद और सरवानिया स्थित डिपो जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें समय, आर्थिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसान पंकज तिवारी के नेतृत्व में किसानों ने प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई और मांग की कि सिंगोली कृषि उपमंडी में मार्कफेड का नगद डीएपी खाद वितरण केंद्र खोला जाए, ताकि किसानों को स्थानीय स्तर पर ही खाद उपलब्ध हो सके।
प्रदर्शन के दौरान महिला किसानों ने भी प्रतीकात्मक रूप से चूड़ी सत्याग्रह कर विरोध दर्ज कराया। किसानों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।