नीमच टुडे न्यूज़ |नीमच कैंट थाना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 महीने पहले चोरी हुई ब्रेजा कार को बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की कार और वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 8 सितंबर 2025 को फरियादी विशाल कुमार व्यास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सफेद रंग की मारुति सुजुकी ब्रेजा कार क्रमांक यूपी 16 बीके 9444 स्कीम नंबर 34 स्थित वर्मा टोल कांटे के सामने से चोरी हो गई है। मामले में नीमच कैंट थाने पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी अशोक मेघवाल निवासी दीपुखेड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपने साथी रोहित सोलंकी निवासी सांड़िया थाना मनासा के साथ मिलकर कार चोरी करना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने रोहित सोलंकी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की ब्रेजा कार और घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।