नीमच टुडे न्यूज़ | जीरन तहसील के चीताखेड़ा गांव की एक दिव्यांग महिला मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर पहुंची, जहां उसने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए लोट-लोट कर अपनी पीड़ा अधिकारियों के सामने रखी। महिला ने अपनी जमीन बचाने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
महिला का कहना है कि तहसीलदार जीरन द्वारा वर्ष 2016 में उसे पट्टा जारी किया गया था और वह लंबे समय से उक्त भूमि पर काबिज है। महिला के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसकी जमीन पर मकान निर्माण का काम चल रहा है, जिसकी पहली किस्त भी उसे मिल चुकी है।
महिला ने आरोप लगाया कि ड्रोन सर्वे के बाद ऑनलाइन नक्शे में उसकी जमीन किसी अन्य के नाम दिखाई जा रही है। महिला का आरोप है कि एक व्यक्ति द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है और मकान निर्माण कार्य भी रुकवाया जा रहा है।
जनसुनवाई में पहुंची महिला ने नक्शे में सुधार कर जमीन उसके नाम दर्ज करने और मामले में कार्रवाई की मांग की। महिला ने कहा कि वह दिव्यांग होने के कारण बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने में असमर्थ है। अब उसने प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई है।