नीमच टुडे न्यूज़ | जिला कलेक्टर की मंगलवार को हुई जनसुनवाई में एक किसान का अनोखा मामला सामने आया। अपनी ही कृषि भूमि तक पहुंचने के लिए चार साल से संघर्ष कर रहे किसान ने प्रशासन के सामने ऐसी मांग रख दी, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। किसान ने कहा कि यदि खेत तक जाने का रास्ता नहीं खुलवाया जा सकता तो उसे हेलीकॉप्टर ही दिला दिया जाए।
ग्राम पालसोड़ा निवासी किसान रमेशचंद्र शर्मा ने बताया कि उसकी कृषि भूमि तक जाने वाला कदीमी रास्ता पड़ोसी पक्ष ने तारबंदी कर बंद कर दिया है। किसान का आरोप है कि रास्ता खुलवाने के लिए उसने तहसीलदार से लेकर हाईकोर्ट तक लड़ाई लड़ी, जहां से उसके पक्ष में आदेश भी हुए, लेकिन अब तक रास्ता नहीं खुल पाया।
किसान ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण आदेशों का पालन नहीं हो रहा है। जनसुनवाई में पहुंचकर किसान ने कलेक्टर से तत्काल रास्ता खुलवाने और न्याय दिलाने की मांग की।