नीमच टुडे न्यूज़ | शेख सैयद पठान वेलफेयर सोसाइटी, नीमच द्वारा रविवार को आयोजित सम्मान समारोह में पंजाब में आयोजित अखिल भारतीय बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में ‘मिस्टर इंडिया’ का खिताब जीतकर नीमच का नाम रोशन करने वाले युवा खिलाड़ी अरबाज खान पठान का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। समाजजनों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें ‘फख्र-ए-पठान’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि शेख सैयद पठान वेलफेयर सोसाइटी सामाजिक एकता, भाईचारे और मानव सेवा के साथ-साथ समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अरबाज खान ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर पूरे नीमच जिले को गौरवान्वित किया है।
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने युवाओं से अरबाज की सफलता से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।