नीमच टुडे न्यूज़ | श्रावण मास को लेकर चीताखेड़ा क्षेत्र के प्रसिद्ध रामझर महादेव मंदिर पर धार्मिक आयोजनों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को मंदिर समिति की बैठक अध्यक्ष केशुराम जाट की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें सावन माह के दौरान होने वाले कांवड़ यात्रा, मेले और भंडारे की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी सावन के तीसरे सोमवार 17 अगस्त 2026 को रामझर महादेव मंदिर पर 13वां एक दिवसीय मेला एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
जीरन मार्ग स्थित दलपतपुरा झील की मनोहारी पहाड़ियों के बीच विराजमान 11वीं शताब्दी के प्राचीन रामझर महादेव मंदिर पर आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन में आसपास एवं दूरदराज क्षेत्रों के करीब 40 गांवों से बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा लेकर पहुंचेंगे।
मंदिर समिति द्वारा कांवड़ यात्रा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर पेंपलेट वितरण कर प्रचार-प्रसार एवं आमंत्रण दिया जाएगा। बैठक में समिति पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।