नीमच टुडे न्यूज़ | मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में शनिवार सुबह गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हॉट एयर बैलून की सवारी के लिए सवार हुए थे। वे मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता के साथ बैलून ट्रॉली में बैठे थे, लेकिन हवा की रफ्तार ज्यादा होने के कारण बैलून उड़ान नहीं भर सका। उसी दौरान बैलून में हवा भरते समय उसका निचला हिस्सा झुक गया और उसमें आग लग गई। आग लगते ही वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी तुरंत सक्रिय हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने ट्रॉली को संभाले रखा और मुख्यमंत्री को सुरक्षित रखा, जबकि कर्मचारियों ने तेजी से आग बुझा दी। यह घटना सुबह करीब 7 बजे की है। विशेषज्ञों के अनुसार हॉट एयर बैलून की उड़ान के लिए हवा की गति लगभग शून्य होनी चाहिए, जो आमतौर पर सुबह 6 से 7:30 बजे के बीच मिलती है। लेकिन हादसे के वक्त हवा की रफ्तार 15 से 20 किमी प्रति घंटा थी, जिससे बैलून असंतुलित हो गया और नीचे झुक गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार शाम गांधीसागर फेस्टिवल के चौथे संस्करण का उद्घाटन करने पहुंचे थे। रात उन्होंने हिंगलाज रिसोर्ट में बिताई और क्रूज पर चंबल डैम के बैकवाटर एरिया का भ्रमण किया। सुबह उन्होंने बोटिंग का लुत्फ भी उठाया। बैलून हादसे के बाद उन्होंने कहा, गांधीसागर महासागर जैसा है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीव संपदा अद्भुत है। कहां विदेश जाना? हमारे पास अपने ही प्रदेश में इतना कुछ देखने लायक है। हालांकि हादसा बड़ा हो सकता था, लेकिन सुरक्षा और तकनीकी टीम की मुस्तैदी से मुख्यमंत्री सहित सभी लोग सुरक्षित रहे।