नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेडा नवरात्रि के पावन अवसर पर पूरे अंचल में मां शक्ति की भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा है। देवी मंदिरों में जय माता दी के जयकारों और शंखनाद से वातावरण गूंज रहा है। आरोग्य देवी महामाया आवरी माता, अंबे माता, शीतला माता, कामाख्या देवी सहित सभी मंदिरों में श्रद्धालु सुबह से ही मां के दर्शन के लिए जुटे हुए हैं।मंगलवार को शारदीय नवरात्रि के आठवें दिन दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर मां आवरी के दरबार में भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 10 बजे से यज्ञ-हवन और पूजन आरंभ हुआ, जिसमें देश में अमन-चैन, सुख-समृद्धि और महामारी से सुरक्षा के लिए आहुतियां दी गईं। यज्ञ के बाद विशेष आरती के साथ महाप्रसाद वितरण किया गया।श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नौ दिनों तक व्रत, उपवास, भोजन या जल का त्याग करते हुए मां जगदंबा को प्रसन्न करने में लगे हैं। चीताखेडा के समीप माता का खेड़ा की पावन भूमि पर भक्त नंगे पांव पैदल चलकर मां के दिव्य दर्शन कर मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए मत्था टेक रहे हैं। इस भक्ति और आस्था के माहौल में पूरा क्षेत्र मां की शक्ति से ऊर्जा और सकारात्मकता से परिपूर्ण है।
