नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज की पीड़ा को समझते हुए उनके विकास और भागीदारी के लिए प्रभावी नीतियां बनाई हैं। वे भोपाल स्थित आदि भवन में जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत तकनीक आधारित सतत जनजाति विकास पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान से जनजातीय समाज के उत्थान के लिए ठोस कार्य हो रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से गांवों में जाकर जमीनी स्तर पर कार्य करने पर जोर दिया। कार्यशाला में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जीआईएस और उपग्रह तकनीक के माध्यम से विकास विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी। मंत्री शाह ने बताया कि जनजातीय अंचलों में पेयजल, शिक्षा और परिवहन सुविधाओं के विस्तार से सकारात्मक बदलाव आया है। साथ ही पांच दिवसीय भूकंप पूर्व तैयारी प्रशिक्षण 20 मई से नीमच में शुरू हो रहा है। वहीं जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक 28 मई को आयोजित की जाएगी।