नीमच टुडे न्यूज़ । मंदसौर संसदीय क्षेत्र की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सांसद खेल महोत्सव का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता ने विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। महोत्सव के अंतर्गत सरवानिया महाराज, रेवली देवली, महागढ़, संजीत, नाहरगढ़ और असावती में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। सांसद गुप्ता ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है।
इस आयोजन में क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स सहित पारंपरिक व आधुनिक खेलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिताओं को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में भाजपा के जिला व मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल शिक्षक, स्थानीय कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सांसद खेल महोत्सव से क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को नया मंच मिल रहा है।