नीमच टुडे न्यूज़ । जीरन नगर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। विधायक दिलीपसिंह परिहार और मण्डल अध्यक्ष मदन गुर्जर ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से खेल रैली को झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। रैली का समापन बालक विद्यालय के मैदान पर हुआ, जहां सभी खेल प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं।विधायक परिहार ने कहा कि खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए और जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने खेल प्रतिभाओं के विकास और खिलाड़ियों के लिए चल रही योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। मण्डल अध्यक्ष मदन गुर्जर ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करता है।
इस आयोजन में खो-खो, कबड्डी, सितौलिया और रस्साकसी जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। संकुल के 13 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं में पाटीदार हाई स्कूल जीरन (खो-खो), सांदीपनी विद्यालय जीरन (कबड्डी बालक), शासकीय उ. मा.वि. कुचडोद (कबड्डी बालिका), ज्ञानसरोवर विद्यालय (रस्साकसी बालक), और शा. हाई स्कूल चलदू (रस्साकसी बालिका) शामिल रहे।कार्यक्रम का संचालन खेल महोत्सव प्रभारी दिलीप सुथार ने किया। स्वागत भाषण प्राचार्य बी.एस. चौहान ने दिया, जबकि आभार नगर भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र मुकाती ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में नगर व मण्डल पदाधिकारी, शिक्षक और स्थानीय समाजजन उपस्थित रहे।