नीमच टुडे न्यूज़ | राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर देश की एकता और अखंडता के लिए संघर्ष करने वाले जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर रविवार को नीमच के मुखर्जी चौक पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी हम सभी के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। जम्मू-कश्मीर में अलग विधान और अलग निशान की व्यवस्था के विरोध में उनका संघर्ष राष्ट्रवाद की मजबूत मिसाल है। विधायक परिहार ने कहा कि युवाओं को डॉ. मुखर्जी के जीवन, विचारों और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।इस दौरान वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका त्याग आज भी नई पीढ़ी को प्रेरित करता है। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा करने का संकल्प लिया।