शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा महंगा, यातायात पुलिस ने तीन वाहन जब्त किए |@NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ । शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात सूबेदार सोनू बड़गुर्जर एवं यातायात टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार 4 जुलाई को बस स्टैंड पर वाहन चेकिंग के दौरान तीन कार चालक अपने वाहन लहराते हुए चलाकर आते दिखाई दिए। यातायात टीम ने वाहनों को रोककर चालकों से पूछताछ की तो उनके मुंह से शराब की गंध आने पर ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया। जांच में शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि होने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। इसके बाद तीनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से थाने पर खड़ा कराया गया। प्रकरण न्यायालय में पेश किए जाएंगे।

इसके अलावा यातायात पुलिस ने 4 और 5 जुलाई को प्रभावी चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 63 चालान बनाए और 28 हजार 300 रुपये समन शुल्क वसूला। पुलिस ने आमजन से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा वाहनों में फर्राटेदार साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और सर्चिंग लाइट का उपयोग नहीं करने की अपील की है।

Top