नीमच में शतरंज का बढ़ता क्रेज, 186 खिलाड़ियों ने दिखाया दम |@NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ । जिला शतरंज संघ नीमच द्वारा रविवार शाम चौथे शतरंज टूर्नामेंट का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों और खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में नीमच सहित विभिन्न जिलों और राज्यों से कुल 186 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी शतरंज प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि प्रतियोगिता की सबसे छोटी प्रतिभागी महज पांच वर्षीय बच्ची रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा और नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा उपस्थित रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज एकाग्रता, निर्णय क्षमता और बौद्धिक विकास को मजबूत करने वाला खेल है। उन्होंने जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए संघ के प्रयासों की सराहना की और खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया।

जिला शतरंज संघ के सचिव संतोष कोटवानी ने बताया कि संघ की स्थापना के महज दस महीनों में यह चौथा टूर्नामेंट आयोजित किया गया है। संघ जिला और राज्य स्तर के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं पर विशेष फोकस कर रहा है, ताकि नीमच की लाल मिट्टी से शतरंज के प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलें। प्रतियोगिता में कुल 33 पुरस्कार दिए गए, जिनकी कुल पुरस्कार राशि 31 हजार रुपये रही। विजेताओं को मेडल और ट्रॉफियां भी प्रदान की गईं।

 
Top