बेटे के जन्मदिन पर अनूठी पहल, श्मशान और स्कूल परिसर में लगाए 70 से अधिक पौधे |@NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा जन्मदिन पर होटल और पार्टियों में फिजूलखर्ची के बजाय पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए डॉ. आशीष कुमार जैन ने अपने छह वर्षीय बेटे ध्रुव जैन का जन्मदिन पौधारोपण कर मनाया। इस अवसर पर शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय और श्मशान घाट परिसर में 70 से अधिक फलदार, फूलदार और छायादार पौधे लगाए गए। परिवारजन, शिक्षक, विद्यार्थी और ग्रामीण इस अभियान में शामिल हुए तथा पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

डॉ. जैन पिछले कई वर्षों से बेटे के जन्मदिन पर पौधारोपण की परंपरा निभा रहे हैं। बताया गया कि अब तक करीब 300 पौधे लगाए जा चुके हैं। इस बार नीम, शीशम, करंज, बरगद, पीपल, महुआ और अशोक सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।

प्रधानाचार्य राजेश दास ने कहा कि पौधारोपण के साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल भी जरूरी है। डॉ. आशीष जैन ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को देवतुल्य माना गया है और वे जीवन के आधार हैं। शिक्षक विनोद माली सहित अन्य वक्ताओं ने भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में शिक्षकों, ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

 
Top