नीमच टुडे न्यूज़। आशा कार्यकर्ताओं और आशा पर्यवेक्षकों ने सोमवार को अपनी विभिन्न समस्याओं और प्रोत्साहन राशि में कथित कटौती को लेकर ज्ञापन सौंपकर नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि लंबे समय से अलग-अलग स्वास्थ्य गतिविधियों के बदले मिलने वाली राशि में कटौती की जा रही है, लेकिन बार-बार जानकारी मांगने के बावजूद भुगतान का स्पष्ट विवरण उपलब्ध नहीं कराया जाता।आशा पर्यवेक्षक सुनीता धाकड़ ने बताया कि कार्यकर्ताओं से आयुष्मान कार्ड बनाने सहित कई ऑनलाइन और मैदानी कार्य कराए जाते हैं, जबकि इसके लिए मोबाइल, सिम और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाते। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी, बच्चों के टीकाकरण और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी भी आशा कार्यकर्ताओं पर रहती है।उन्होंने आरोप लगाया कि किसी कार्य में कमी बताकर प्रोत्साहन राशि से अनुचित कटौती कर दी जाती है। कई बार कम राशि के कार्य के बदले अधिक राशि काटे जाने की शिकायत भी सामने आती है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि प्रत्येक भुगतान का पूरा और पारदर्शी विवरण दिया जाए। जिस गतिविधि की राशि रोकी या काटी गई है, उसका लिखित कारण बताया जाए। साथ ही लंबित भुगतान जारी कर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने पूर्व में सौंपे ज्ञापनों पर कार्रवाई नहीं होने पर भी नाराजगी जताई।