नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच इंदिरा नगर स्थित स्पेंटा पेट्रोल पंप के पीछे मंशापूर्ण महादेव शनि मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा महोत्सव के अंतर्गत भगवान गोवर्धन पर्वत उत्सव श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। जैसे ही कथा में गोवर्धन पर्वत का प्रसंग आया, पूरा कथा पंडाल जय-जय श्रीकृष्ण, गोवर्धन महाराज की जय के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बाल गोवर्धन स्वरूप श्रीकृष्ण के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कथा वाचक पं. पंकज कृष्ण महाराज ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा श्रवण से गृहस्थ जीवन में सुख-शांति बनी रहती है |
उन्होंने जीवन में निस्वार्थ भाव, कर्ज चुकाने, अच्छे कर्म करने और राम नाम जप की महत्ता पर प्रकाश डाला। राधा-कृष्ण प्रेम प्रसंग ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। गोवर्धन प्रसंग पर कृष्ण रूप में खुशी शर्मा ने सुंदर प्रस्तुति देकर उत्सव को सजीव कर दिया। राधिका गोरी से, गोविंद गोकुल आयो जैसे भजनों पर महिलाएं नृत्य करती नजर आईं। मुख्य यजमान मालती नागर व चांदमल नागर परिवार ने पौथी पूजन व आरती की। अंत में गोवर्धन महाराज को भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया गया। श्रीमद् भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक प्रवाहित हो रही है।