नीमच टुडे न्यूज़ | समस्त मेवाड़ा प्रजापत समाज द्वारा समाज की आराध्य श्री यादें कुलदेवी श्रियादेवी का जन्मोत्सव मंगलवार को पूरे देश में श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में चीताखेड़ा में भी मेवाड़ा प्रजापत समाज के तत्वावधान में भव्य आयोजन किया गया, जिसमें समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

जन्मोत्सव के अवसर पर श्री यादें माता श्रियादेवी की तस्वीर को आकर्षक रूप से सजी ट्रैक्टर-ट्रॉली में विराजमान कर डीजे साउंड एवं ढोल-ढमाकों के साथ नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मंगलवार प्रातः 10 बजे समाज के इष्ट देव भेरु बावजी मंदिर से प्रारंभ हुई। यह यात्रा चैनपुरा चौराहा, बस स्टैंड, बड़ी होली चौक, सीतलामाता मंदिर, चारभुजानाथ मंदिर, माणक चौक, नीम चौक एवं सदर बाजार सहित गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः भेरु बावजी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में समाज की महिलाएं, पुरुष, युवा एवं बच्चे—हर आयु वर्ग के लोग माता रानी के मधुर भजनों और धार्मिक गीतों की धुनों पर नाचते-झूमते नजर आए। मार्ग में ग्रामीणों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने श्री यादें कुलदेवी श्रियादेवी को माल्यार्पण, अगरबत्ती अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शोभायात्रा के समापन के पश्चात विशेष आरती का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों ने सामूहिक रूप से सहभागिता निभाई। इसके बाद सामूहिक महाप्रसाद के रूप में सहभोज का आयोजन हुआ। कार्यक्रम ने समाज में एकता, आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को और अधिक सुदृढ़ किया।