नीमच टुडे न्यूज़ | मालवी लोहार समाज द्वारा आज गुरुवार को भगवान श्री चारभुजानाथ की शाही बारात रामपुरा से भव्यता के साथ निकाली जाएगी। यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों, घोड़ों और पारंपरिक साज-सज्जा के साथ निकलेगी। बारात में शामिल होने वाले श्रद्धालु समाजजन अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक वेश-भूषा में नजर आएंगे, वहीं महिलाएं मंगल गीत गाकर आयोजन की शोभा बढ़ाएंगी। भगवान श्री चारभुजानाथ की यह शाही बारात मनासा नाके से प्रारंभ होकर नीमच शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए महू रोड की ओर प्रस्थान करेगी। इसके पश्चात यात्रा कुकड़ेश्वर, मनासा, जवासा, बोरखेड़ी पानेरी, जीरन, हरवार, बरडिया, रठाजना, पानमोडी, भुवासिया, धामनिया एवं अमलावद होते हुए राजस्थान के प्रतापगढ़ पहुंचेगी, जहां मालवी लोहार समाज के विवाह सम्मेलन में भगवान श्री चारभुजानाथ माता तुलसा से विवाह करेंगे। बारात के स्वागत के लिए जगह-जगह भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। इस धार्मिक आयोजन को लेकर समाज में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।