नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के समीपस्थ ग्राम भोलियावास में रविवार को समस्त धाकड़ (वीर) समाज के परिवारजनों द्वारा भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुष्पाबाई-रामचन्द्र धाकड़ एवं गुड्डीबाई-निर्भयराम धाकड़ द्वारा गंगासागर एवं चारधाम यात्रा पूर्ण करने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। पीपली चौक, भोलियावास पर रात्रि 8:00 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं सनातन धर्म तथा श्रीराम मंदिर स्थापना विषय पर विशेष व्याख्यान हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के सुप्रसिद्ध राष्ट्रीय संत डॉ. पं. मिथिलेशजी नागर (भागवत भास्कर, गुरु पीठ निनोराधाम) ने उपस्थित सैकड़ों धर्मप्रेमियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म विश्व का सबसे श्रेष्ठ धर्म है और इसकी रक्षा के लिए सभी हिंदुओं को जातिगत भेदभाव छोड़कर एकजुट होना चाहिए। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर की स्थापना, देश की वर्तमान परिस्थितियों एवं भारतीय सेना के शौर्य पर भी अपने विचार साझा किए। व्याख्यान के पश्चात संत श्री नागर द्वारा सुंदरकांड का पाठ एवं मधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक श्रीराम दरबार सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। अंत में श्रीराम दरबार एवं बालाजी महाराज की आरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। इस आयोजन में भोलियावास सहित नीमच शहर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।