नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच विश्व हिन्दू परिषद द्वारा संचालित श्री गौधाम बालाजी मंदिर में इस वर्ष 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसके लिए चार दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समिति अध्यक्ष सुंदरलाल बंसल ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 30 मार्च को शाम 4:30 बजे नयाबाजार स्थित बड़े बालाजी मंदिर से भव्य ध्वज यात्रा के साथ होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गौधाम बालाजी मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में ढोल-ताशे, डीजे, बैंडबाजे, घोड़ा गाड़ी, झांकियां और पारंपरिक वेशभूषा में श्रद्धालु शामिल होंगे। 31 मार्च को मंदिर परिसर में भजन गायक नवीन वैष्णव (प्रतापगढ़) की भजन संध्या आयोजित की जाएगी। वहीं 1 अप्रैल को बालाजी का अभिषेक और अष्टोत्तर शत् श्री रामरक्षा स्त्रोत यज्ञ होगा। 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव पर प्रातः जन्म आरती और सात कुंडीय यज्ञ के साथ शाम को ढोल-ढमाकों व शंखध्वनि के बीच महाआरती होगी। इस अवसर पर 71 किलो मिल्क केक व लड्डू का प्रसाद वितरित किया जाएगा।