नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच चैत्र नवरात्रि और हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर शहर के तिलक मार्ग स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर में दिव्य श्रीराम यंत्र की स्थापना की गई। यह स्थापना अयोध्या के श्रीराम मंदिर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा दिव्य रामयंत्र के अनावरण के साथ ही विशेष रूप से की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। राम मंदिर में हनुमानजी की प्रतिमा के पीछे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ इस दिव्य रामयंत्र को स्थापित किया गया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह यंत्र घर और मंदिर में सुख, समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है, वहीं नकारात्मक शक्तियों को दूर करने में भी सहायक माना जाता है। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और सभी ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी पंडित जीवन जी तिवारी, राजेश मूंदड़ा एवं प्रमोद मालु सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। धार्मिक वातावरण के बीच इस स्थापना ने भक्तों में नई ऊर्जा और आस्था का संचार किया है।