श्रीमद भागवत ज्ञान गंगा में प्रवचन, जीव दया से आत्म कल्याण संभव: पं. पुष्कर नागदा महाराज | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच बालाजी कुड़ी मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद भागवत ज्ञान गंगा साप्ताहिक महोत्सव में कथा के छठे दिन पं. पुष्कर नागदा महाराज ने जीव दया, भक्ति और सत्संग के महत्व पर अमृत वाणी की वर्षा की। उन्होंने कहा कि किसी की भलाई करने से प्राप्त पुण्य आत्मा के साथ सदैव रहता है और संकट के समय रक्षा करता है। जीवों के प्रति दया और प्रेम भाव ही आत्म कल्याण का मार्ग है। महाराज ने कहा कि जहां प्रेम होता है वहीं भगवान श्रीकृष्ण का वास होता है।

उन्होंने भक्ति, राम नाम जप और सत्संग को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि अंत समय में किया गया स्मरण ही अगले जन्म की गति तय करता है। उन्होंने कर्म और उसके फल के सिद्धांत को भी विस्तार से समझाया। कथा में श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह प्रसंग का भव्य मंचन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। व्यासपीठ पर वरमाला के साथ विवाह की झांकी ने सभी का मन मोह लिया। आज कथा की पूर्णाहुति होगी, जिसमें सुदामा चरित्र, राजा परीक्षित मोक्ष एवं उद्धव ज्ञान प्रसंग का वर्णन होगा। हवन-पूजन और आरती के साथ कथा का समापन एवं प्रसादी वितरण किया जाएगा।

Top