भोलियावास में बालाजी मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा, भक्तों में उत्साह | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच समीपस्थ ग्राम भोलियावास की नई आबादी में स्थित श्री मंशापूर्ण महादेव मंदिर परिसर में नवनिर्मित श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर में तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन के तहत मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। 31 मार्च से 2 अप्रैल तक चले इस कार्यक्रम में क्षेत्र सहित आसपास के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन की शुरुआत राम नाम जाप और सुंदरकांड पाठ से हुई, वहीं दूसरे दिन हवन-पूजन एवं देवता आह्वान किया गया। सायंकाल भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बालाजी महाराज की मूर्ति गांव के विभिन्न मार्गों से होकर निकली। शोभायात्रा में महिलाएं, पुरुष और युवा भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए, वहीं जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। अंतिम दिन हनुमान जन्मोत्सव पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिजीत मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इसके बाद महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में मंदिर समिति और ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Top