भारी फायरिंग के बीच CBN का बड़ा ऑपरेशन, 1349 किलो से अधिक डोडाचूरा-अफीम और हथियार जब्त, तस्कर फरार |@NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ |केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की मध्यप्रदेश इकाई ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी और साहसिक कार्रवाई की है। 6 जुलाई की तड़के मिली सूचना के आधार पर सीबीएन टीम ने मालखेड़ा फांटा के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध सफेद इसुजु डी-मैक्स पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार तस्करों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और बैरिकेडिंग तोड़कर भाग निकले।

सीबीएन अधिकारियों ने वाहन का पीछा किया, लेकिन आरोपियों ने लगातार गोलियां चलाना जारी रखा। जवाबी कार्रवाई में टीम ने पिकअप के टायर को निशाना बनाया। टायर पंचर होने के बावजूद आरोपी करीब 8 किलोमीटर तक वाहन दौड़ाते रहे। बाद में ग्राम दुदारसी स्थित बालाजी रेस्टोरेंट के सामने पिकअप छोड़कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

वाहन की तलाशी में 64 प्लास्टिक कट्टों से 1349.910 किलो डोडाचूरा, 580 ग्राम अफीम, एक .315 बोर राइफल, दो जिंदा कारतूस और पांच खाली खोखे बरामद हुए। सीबीएन ने वाहन सहित पूरा माल जब्त कर लिया है। फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच तथा तलाश जारी है।

 
Top