कांग्रेस की रणनीतिक बैठक में शामिल होने नीमच पहुंचीं मीनाक्षी नटराजन, दिल्ली प्रदर्शन से इंदौर-भोपाल साइकिल यात्रा तक आंदोलनों की तैयारियों पर हुआ मंथन |@Neemuchtoday

नीमच टुडे न्यूज |कांग्रेस की वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद एवं तेलंगाना प्रभारी मीनाक्षी नटराजन बुधवार को नीमच पहुंचीं। उन्होंने पार्टी की रणनीतिक बैठक में शामिल होकर संगठन की आगामी गतिविधियों और आंदोलनों की तैयारियों पर चर्चा की। नटराजन ने कहा कि छात्रों के भविष्य, किसानों से जुड़े मुद्दों, कथित भूमि घोटाले और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन दिवस के अवसर पर दिल्ली में बड़ा विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित है। वहीं 14 और 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक साइकिल यात्रा की तैयारी भी की जा रही है।

नटराजन ने चुनाव प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए तथा कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर राजनीतिक और कानूनी लड़ाई जारी रखेगी। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि बैठक में संगठन को मजबूत करने, किसानों को खाद नहीं मिलने, कथित भ्रष्टाचार और भाजपा सरकार के खिलाफ आगामी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में कार्यकर्ताओं से जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और आगामी आंदोलनों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया गया।

 
Top