जनसुनवाई का त्वरित असर दिव्यांग युवक को मिला ई-रिक्शा, अब स्वरोजगार से बनेगा आत्मनिर्भर | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की पहल पर जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मनासा तहसील के ग्राम डांगाड़ी निवासी दिव्यांग पंकज चौहान को स्वरोजगार के लिए ई-रिक्शा उपलब्ध कराया गया। पंकज चौहान ने 21 जुलाई को आयोजित जनसुनवाई में ई-रिक्शा उपलब्ध कराने का आवेदन दिया था। कलेक्टर ने मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए डिप्टी कलेक्टर एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की प्रभारी उपसंचालक श्रुति भयडिया को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में अल्ट्राटेक सीमेंट, खोर के सहयोग से उपलब्ध कराया गया ई-रिक्शा 23 जुलाई को कलेक्टर कार्यालय में हितग्राही को सौंपा गया। ई-रिक्शा मिलने पर पंकज चौहान ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें स्वरोजगार का साधन मिल गया है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण कर सकेंगे। उन्होंने कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट भूरालाल अहीर, कार्यालय सहायक प्रकाश सैनी, फिजियोथैरेपी सहायक विकास अंखिया, चौकीदार सत्यराम रावत सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Top