बीमा और स्वरोजगार योजनाओं पर कलेक्टर सख्त बैंकों को समयसीमा में लंबित प्रकरण निपटाने के निर्देश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति (डीएलसीसी) की बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले का कोई भी पात्र हितग्राही बीमा एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों और बैंक शाखाओं को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कर समय पर ऋण एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लंबित प्रकरण इसी माह स्वीकृत कर ऋण वितरण सुनिश्चित करने तथा फसल बीमा के सभी लंबित प्रकरण 31 जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में स्वरोजगार योजनाओं के तहत 31 जनवरी 2027 तक शत-प्रतिशत ऋण स्वीकृति एवं वितरण का लक्ष्य पूरा करने पर जोर दिया गया। समीक्षा के दौरान आईसीआईसीआई बैंक द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के एक भी प्रकरण का निराकरण नहीं किए जाने और जिला समन्वयक के बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अग्रणी जिला प्रबंधक शितांशु शेखर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Top