नीमच टुडे न्यूज | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने धर्मस्व विभाग की समीक्षा बैठक में जिले के शासनाधीन मंदिरों के प्रबंधन, विकास एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, रिक्त पुजारी पदों पर नियमानुसार नियुक्ति तथा मंदिरों के सुव्यवस्थित संचालन के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नीमच, मनासा और जावद अनुविभाग के 10-10 प्रमुख मंदिरों का चयन कर उनकी प्रबंध समितियां गठित करने के निर्देश दिए, ताकि मंदिरों का संचालन अधिक पारदर्शी और प्रभावी हो सके। बैठक में मंदिरों की भूमि के संरक्षण, प्रांगण विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। साथ ही खराब सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत तथा आवश्यकता अनुसार नए कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम पराग जैन, किरण अंजाना, संजीव साहू सहित जिले के सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मौजूद रहे।