नीमच टुडे न्यूज़ | जीरन तहसील के ग्राम पिराना में खेत पर काम के दौरान बड़ी बिजली लाइन की चपेट में आने से भगतराम की मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल जीरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं हादसे से गुस्साए परिजन और समाजजन ने शव को मुख्य मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की। घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। मामले में विद्युत विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। प्रदर्शन और प्रशासन की कार्रवाई को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।