नीमच टुडे न्यूज़ | जावद बस स्टैंड पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन उस समय गरमा गया, जब उन्होंने सरकार के विरोध में पुतला दहन का प्रयास किया। पुलिस ने पुतला जलाने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक तथा धक्कामुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। पुतले में आग लगाने के प्रयास के दौरान फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछार कर आग बुझा दी, जिससे वहां मौजूद कई कांग्रेस कार्यकर्ता भी भीग गए। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे और विरोध जारी रखा। कुछ समय तक जावद बस स्टैंड क्षेत्र राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई। प्रदर्शन के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई। पुलिस और प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।