फूलों की वर्षा और जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा नीमच, भक्ति भाव के साथ संपन्न हुई भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में इस्कॉन द्वारा आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की तृतीय भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुई। महेश्वरी भवन से प्रारंभ हुई रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः महेश्वरी भवन पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान जगन्नाथ का स्वागत किया और आरती उतारी। जय जगन्नाथ के जयघोष तथा हरिनाम संकीर्तन से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। रथयात्रा में विभिन्न संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। बड़ौदा से आई हरिनाम संकीर्तन मंडली ने पूरे मार्ग में भक्ति रस बिखेरा, जबकि जबलपुर और उज्जैन इस्कॉन से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। रथयात्रा के मुख्य अतिथि समाजसेवी अशोक अरोरा ने सेवा भाव के साथ आयोजन में सहभागिता कर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। समापन पर महेश्वरी भवन में महाआरती एवं विशाल जगन्नाथ भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Top