नीमच टुडे न्यूज़ | जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अमन वैष्णव की अध्यक्षता में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (डीएटीसीसी) की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के पर्यटन स्थलों के संरक्षण, विकास और व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में जिले के ऐतिहासिक गढ़ों एवं किलों, बांधों, झरनों, प्राचीन मंदिरों तथा पुरातात्विक महत्व के स्थलों को चिन्हित कर उन्हें पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही जिले की वेबसाइट पर सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी, उनके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व तथा उपलब्ध सुविधाओं को शामिल करने पर सहमति बनी। पर्यटन विभाग को सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के लिए इंस्टाग्राम पेज संचालित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जिले के पर्यटन स्थलों का नियमित प्रचार-प्रसार किया जा सके और पर्यटकों तक आवश्यक जानकारी पहुंच सके। बैठक में शासकीय एवं अशासकीय सहित कुल 33 सदस्यों ने भाग लिया और जिले में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए अपने सुझाव दिए। इस दौरान एडीएम बी.एस. कलेश, एएसपी हेमलता अग्रवाल, एसडीएम पराग जैन, डीईओ, नगर पालिका सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, इतिहासकार, पर्यटन विशेषज्ञ, टूर ऑपरेटर, होटल एवं रिसॉर्ट प्रतिनिधि, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला पुरातत्व संघ तथा अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।