जिलेभर में नशे के खिलाफ जनजागरण तेज, स्कूलों से गांवों तक पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मध्यप्रदेश पुलिस के प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है जरूरी अभियान-2.0" के तहत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में नीमच जिले में नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। 23 जुलाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल ने केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, नीमच कैंट में विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक पेंटिंग्स के माध्यम से "नो ड्रग्स" का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू बड़गुर्जर सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में 22 एवं 23 जुलाई को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। नीमच कैंट थाना क्षेत्र में बस स्टैंड, सब्जी मंडी और जिला चिकित्सालय, जावद बस स्टैंड, सिंगोली के ग्राम रूपपुरिया तथा कुकड़ेश्वर के ग्राम सांकरिया खेड़ी में पुलिस अधिकारियों ने ग्राम चौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। आमजन को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। नीमच पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे "नशे से दूरी है जरूरी अभियान-2.0" को जनआंदोलन बनाएं, स्वयं नशे से दूर रहें और समाज को भी जागरूक कर स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जिले के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।

Top