दो साल में 5 राष्ट्रीय अवॉर्ड जीतकर JITO लेडीज़ विंग नीमच ने बढ़ाया जिले का गौरव | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | हरिद्वार में आयोजित JITO लेडीज़ विंग के राष्ट्रीय अधिवेशन में नीमच चैप्टर ने अपने दो वर्षीय कार्यकाल के उत्कृष्ट कार्यों के दम पर एक साथ पांच राष्ट्रीय अवॉर्ड हासिल किए। यह उपलब्धि न केवल नीमच बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय बनी। राष्ट्रीय कार्यक्रम में चेयरपर्सन रिंकू राठौर और मीताली जैन ने नीमच का प्रतिनिधित्व किया। राष्ट्रीय समीक्षा के दौरान देशभर के चैप्टरों द्वारा किए गए कार्यों का मूल्यांकन किया गया, जिसमें नीमच चैप्टर को सीपी एक्सीलेंस अवॉर्ड, सीएस एक्सीलेंस अवॉर्ड, बेस्ट ओवरऑल इनिशिएटिव अवॉर्ड, बेस्ट इनिशिएटिव फॉर साइबर सिक्योरिटी अवॉर्ड तथा हेल्थ एंड न्यूट्रिशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान संगठन के प्रभावी नेतृत्व, बेहतर प्रशासन, सामाजिक गतिविधियों, साइबर सुरक्षा जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी नवाचारों के लिए प्रदान किए गए। दो वर्षों में JITO लेडीज़ विंग नीमच ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल जागरूकता और नेतृत्व विकास जैसे क्षेत्रों में कई उल्लेखनीय कार्यक्रम आयोजित किए। साइबर सुरक्षा जनजागरूकता अभियान और "ज़ायका" हेल्थ एंड न्यूट्रिशन पहल को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सराहना मिली। चेयरपर्सन रिंकू राठौर ने इस सफलता का श्रेय पूरी कार्यकारिणी और सभी सदस्यों के समर्पण व टीमवर्क को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भविष्य में समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और जनजागरूकता के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।

Top