नीमच टुडे न्यूज़ | देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का 88वां स्थापना दिवस सोमवार को नीमच स्थित रंगरूट प्रशिक्षण केंद्र (आरटीसी) में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत क्वार्टर गार्ड में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया। आरटीसी के डीआईजी प्रमोद कुमार सिंह ने सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सीआरपीएफ दुनिया का सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल है, जो देश की आंतरिक सुरक्षा की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद, आतंकवाद और उग्रवाद जैसी चुनौतियों से मुकाबले में सीआरपीएफ हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहता है और देश के कण-कण में अपनी सेवाएं दे रहा है। स्थापना दिवस के अवसर पर आरटीसी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कमांडेंट पवन कुमार गौतम, डिप्टी कमांडेंट कुलदीप यादव, सहायक कमांडेंट बिजेंद्र कुमार दास, कमल आचार्य, रामगोपाल, सूबेदार मेजर सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।