नीमच टुडे न्यूज़ | ग्राम थड़ोली में आरोग्य भारती जिला नीमच के तत्वावधान में स्वस्थ ग्राम योजना के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें आरोग्य भारती के अखिल भारतीय स्वस्थ ग्राम योजना प्रमुख एवं मध्य क्षेत्र संयोजक भोलनाथ जी ने पीपीटी के माध्यम से ग्राम को स्वस्थ ग्राम प्रकल्प के रूप में विकसित करने का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, योग, प्राथमिक उपचार, स्वदेशी, औषधीय पौधारोपण, घरेलू उपचार और विद्यालय स्वास्थ्य कार्यक्रम जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। मालवा प्रांत अध्यक्ष डॉ. विष्णुसेन कछावा ने आरोग्य भारती के उद्देश्य बताए, जबकि जिला अध्यक्ष अजय भटनागर ने ग्रामीणों से स्वस्थ ग्राम अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। बालाजी धाम समिति के सचिव लोकेश कारपेंटर ने ग्राम विकास के जनसहयोगी कार्यों की प्रस्तुति दी। कार्यशाला में औषधीय पौधों की प्रदर्शनी लगाई गई तथा पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष शारदा बाई धनगर, सरपंच गोपाल मीणा सहित आरोग्य भारती पदाधिकारी, बालाजी धाम समिति के सदस्य और 150 से अधिक ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में स्नेह भोज के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।