नीमच टुडे न्यूज़ | "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत नीमच के दशहरा मैदान में सोमवार से पांच दिवसीय पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक दिलीप सिंह परिहार और विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने किया। इस अवसर पर एसपी राजेश व्यास ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
26 से 30 जुलाई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में शहर के 16 फुटबॉल क्लब अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में ईगल फुटबॉल क्लब, नीमच ब्रदर्स फुटबॉल क्लब और ग्वालटोली फुटबॉल क्लब ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। पुलिस विभाग का उद्देश्य प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ना और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी दिया जा रहा है।