नीमच टुडे न्यूज़ | गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को नीमच में गौ संरक्षण की मांग को लेकर विशाल पैदल मार्च निकाला गया। लायंस पार्क चौराहे से शुरू हुआ मार्च कलेक्टर कार्यालय पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा गया। मार्च में महिलाओं, युवाओं, संत समाज, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। समाजसेवी संतोष चोपड़ा भी अभियान में शामिल हुए। अभियान के प्रतिनिधियों ने पूरे देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौमाता को "राष्ट्रमाता" का दर्जा देने तथा गौ संरक्षण के लिए अलग केंद्रीय मंत्रालय और सख्त कानून बनाने की मांग उठाई। रैली के दौरान पूरे मार्ग पर गौ संरक्षण के समर्थन में जयघोष गूंजते रहे। अभियान को शहर के व्यापारियों का भी व्यापक समर्थन मिला। कई व्यापारिक प्रतिष्ठान दोपहर तक बंद रखे गए। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रतिनिधियों ने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।