जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में 110 प्रतिभाओं का सम्मान, करियर मार्गदर्शन के साथ आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच के टाउन हॉल में समस्त मेघवाल समाज जिला इकाई एवं युवा मेघवाल समाज संगठन के तत्वावधान में चतुर्थ जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा, खेल और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 110 प्रतिभावान विद्यार्थियों, नव नियुक्त एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, संत रविदास और डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और आत्मनिर्भरता का संदेश देते हुए समाज की संस्था के लिए विधायक निधि से ₹25 हजार देने की घोषणा की। उन्होंने छात्रावास निर्माण के लिए भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने तकनीकी शिक्षा, डिजिटल कौशल और उद्योगों से जुड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया, जबकि विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने शिक्षा और परिश्रम को सफलता की कुंजी बताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष राकेश जावरिया ने युवाओं से नौकरी के साथ-साथ व्यापार, उद्योग और आईटीआई जैसे तकनीकी कोर्सों की ओर भी ध्यान देने का आह्वान किया। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी देकर रोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का मार्गदर्शन दिया।

Top