नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के खेल मैदान में प्रस्तावित सीएम राइज स्कूल भवन निर्माण के विरोध में चल रहे मैदान बचाओ आंदोलन को जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सीएम राइज स्कूल के निर्माण के पक्ष में है, लेकिन इसके लिए शहर के सबसे महत्वपूर्ण खेल मैदान का चयन उचित नहीं है। उनका कहना है कि शिक्षा और खेल दोनों का संतुलित विकास होना चाहिए। तरुण बाहेती ने भाजपा विधायक दिलीप सिंह परिहार पर दूरदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते वैकल्पिक भूमि चिन्हित की जाती तो यह स्थिति नहीं बनती। उन्होंने दावा किया कि पहले जीवाजीराव छात्रावास परिसर स्कूल निर्माण के लिए उपयुक्त विकल्प था, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शहर के कई सार्वजनिक खेल मैदान पहले ही अन्य निर्माणों की भेंट चढ़ चुके हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह मैदान केवल खिलाड़ियों के अभ्यास का स्थान नहीं, बल्कि शहर की सामाजिक और खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने सरकार से मांग की कि खेल मैदान को सुरक्षित रखते हुए जीवाजीराव छात्रावास परिसर में सीएम राइज स्कूल का निर्माण कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा सुविधा भी मिले और शहर की खेल विरासत भी सुरक्षित रह सके।