नीमच टुडे न्यूज़ | केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद नीमच जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर में विजय मार्च निकालकर इसे छात्र-युवा संघर्ष की जीत बताया। गांधी भवन से शुरू हुई रैली विजय टॉकीज चौराहा होते हुए भारत माता चौराहे पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और मिठाई बांटकर खुशी जताई। इसके बाद नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और मानसिक तनाव के कारण जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि भी दी गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि यह केवल एक मंत्री के इस्तीफे का मामला नहीं, बल्कि देशभर के छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में हुई कथित अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भरोसा टूटा है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी आगे भी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी। विजय मार्च में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल रहे।