नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जब पूरा शहर रात के सन्नाटे में सो रहा था, तब जिला पुलिस अधीक्षक Rajesh Vyas ने जीरन थाना क्षेत्र में अचानक औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की हकीकत परखी। देर रात करीब 12 बजे एसपी के थाने पहुंचते ही पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और सभी तुरंत सतर्क हो गए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने में मौजूद एक फरियादी की शिकायत सीधे सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने मालखाना, हवालात, रिकॉर्ड रजिस्टर और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। एसपी व्यास ने जीरन क्षेत्र के रात्रि गश्त प्वाइंट्स का भी निरीक्षण किया और पुलिस पेट्रोलिंग की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि रात्रि गश्त में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत का तत्काल निराकरण किया जाए। एसपी के इस अचानक निरीक्षण से थाना स्टाफ में सतर्कता बढ़ गई है। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि जनता की सुनवाई में देरी नहीं होनी चाहिए और पुलिस की उपस्थिति हर समय मैदान में दिखाई देनी चाहिए।